मप्रः बच्चे का पुतला लेकर सदन पहुंचे विधायक, बच्चों की मौत पर सरकार को बताया जिम्मेदार
श्योपुर/भोपाल, 1 दिसंबर (हि.स.)। सोमवार एक दिसम्बर से शुरू हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने सदन में हंगामा खड़ा कर दिया।कांग्रेस ने छिंदवाड़ा में जहरीला कफ सिरप पीने से बच्चों की कथित मौत और इंदौर के एमवाय अस्पताल में नवजातों को चूहों द्वारा कुतरने की घटना को लेकर सवाल उठाए। श्योपुर विधायक एक बच्चे का पुतला लेकर अस्पताल पहुंचे और उन्होंने भाजपा सरकार को हत्यारी सरकार बताया।
विधायक जंडेल ने आरोप लगाया कि छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत सरकार की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा, मासूमों को जहरीला सिरप पिलाकर मौत के मुंह में धकेला गया है। यह सरकार बच्चों की हत्यारी सरकार है। जंडेल ने इंदौर के एमवाय अस्पताल की घटना को भी बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में बच्चों को चूहों द्वारा कुतर लिया जाना बहुत ही शर्मनाक घटना है। विपक्ष ने दोनों घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार/मोहनदत्त शर्मा
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

