आगरमालवाः डीईओ से अभद्रता मामले में स्वर्ण समाज ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः डीईओ से अभद्रता मामले में स्वर्ण समाज ने सौंपा ज्ञापन


आगरमालवा, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में गत दिनों शिक्षक कैलाश मालवीय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी नीतेश पांड के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग और धमकी दिए जाने के मामले में गुरूवार को सवर्ण समाज संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में संगठन ने उल्लेख किया है कि 13 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिक्षक कैलाश मालवीय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी नीतेश पांडे के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। संगठन का कहना है कि मामले की वास्तविकता जांच करवाई जाए, इसलिए घटना से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध शासकीय अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

संगठन ने ज्ञापन मे यह भी अवगत कराया है कि शिक्षक कैलाश मालवीय के संबंध में पूर्व में भी कुछ शिकायतें और प्रकरण सामने आने की जानकारी प्राप्त हुई है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि पूर्व में जिला कलेक्टर के साथ कथित अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला सामने आने के बाद शिक्षक कैलाश मालवीय के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा ग्राम पालखेड़ी स्थित विद्यालय में कथित रूप से देश-विरोधी भाषण देने के संबंध में भी शिक्षक कैलाश मालवीय के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने की जानकारी संगठन ने दी है।

संगठन ने इन सभी दावों का शासकीय अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराने की मांग की है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाते हैं तो संबंधित नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाए. मामले को लेकर संगठन ने मांग की है कि शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अनुशासनहीनता, अभद्र व्यवहार अथवा धमकी जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएं।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story