दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा पर दो मंत्रियों का तंज, बोले- काशी-मथुरा अभी बाकी है
भोपाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन यात्रा' को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों गौतम टेटवाल और विश्वास सारंग ने यात्रा पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है।
गौतम टेटवाल ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह अपनी राजनीतिक साख बचाने और खुद को तथा अपने बेटे को स्थापित करने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। वहीं, विश्वास सारंग ने दावा किया कि यह यात्रा इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक द्वारा प्रायोजित है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह को अब हिंदू धर्म याद आ रहा है। वह बाबा महाकाल से अयोध्या तक की यात्रा कर रहे हैं। टेटवाल ने सवाल उठाया कि जब अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन रहा था, तब दिग्विजय सिंह को रामजी की याद क्यों नहीं आई? उस समय वह लगातार रामजी के विरोध में बोलते रहे।
उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के राजनीतिक जीवन का अंतिम पड़ाव चल रहा है। ऐसे में वह खुद को और अपने बेटे को स्थापित करने की तैयारी में यह यात्रा कर रहे हैं।
टेटवाल ने सुझाव दिया कि यदि दिग्विजय सिंह को यात्रा ही करनी है तो उन्हें काशी और मथुरा भी जाना चाहिए।
गौतम टेटवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह को मथुरा जाकर भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने की बात करनी चाहिए। यदि वह ऐसा करते हैं तो वे भी उनका सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, 'मेरा सुझाव है कि उन्हें काशी और मथुरा की यात्रा करनी चाहिए, वहां मत्था टेकना चाहिए और कहना चाहिए कि मथुरा-काशी अभी बाकी है।'
दूसरी ओर, मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह की यात्रा के उद्देश्य पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह हिंदू और सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।
सारंग के मुताबिक, यात्रा के दौरान रोज नए विवाद खड़े किए जा रहे हैं, जिससे दुनिया में हिंदुत्व और सनातन धर्म को लेकर गलत संदेश जा रहा है।
मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह पहले जाकिर नाइक का महिमामंडन कर उसे हीरो बता चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन यात्रा' जाकिर नाइक द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जाकिर नाइक लिख रहा है और दिग्विजय सिंह रोज हिंदुत्व तथा सनातन धर्म को बदनाम कर रहे हैं। सारंग ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

