मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश


भोपाल, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई जरूरी थी, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र निराकरण के लिए कहा गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निराकरण तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story