मंत्री राजपूत ने नगर परिषद भवन का किया लोकार्पण, 5 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री राजपूत ने नगर परिषद भवन का किया लोकार्पण, 5 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन


सागर, 08 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जन-संवाद और जनकल्याण की मंशा के अनुरूप प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार को सागर जिले में सुरखी नगर परिषद क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। मंत्री राजपूत ने सुरखी की गली-गली और घर-घर जाकर आम नागरिकों से सीधा संवाद किया, बुजुर्गों व युवाओं से हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं को सुना।

भ्रमण के दौरान मंत्री राजपूत ने सुरखी नगर परिषद भवन का भव्य लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी और कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया।

नागरिकों को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पष्ट संदेश है कि जनप्रतिनिधि खुद जनता के बीच जाएं और विकास कार्यों का वास्तविक फीडबैक लें। इसी उद्देश्य से मैं आज सुरखी की गलियों में पैदल घूमकर अपने परिवार के सदस्यों से मिलने आया हूं। उन्होंने आगे कहा कि इस भ्रमण का उद्देश्य कोई राजनीतिक कार्यक्रम या चुनाव प्रचार नहीं, बल्कि सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है ताकि विकास की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच सकें।

नगर परिषद सुरखी के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मंत्री राजपूत ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। वार्ड 1, 2, 6, 12, 13, 14 एवं 15 में सीसी रोड और नाली निर्माण। वार्ड 9 में सीसी रोड और फर्श निर्माण। वार्ड 10 एवं 11 में सीसी रोड का निर्माण कार्य। मिड़वासा तथा वार्ड 14-15 में डब्ल्यूबीएम रोड और पुलिया निर्माण। गौशाला परिसर में प्रथम तल पर भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण।

प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वार और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार। इन निर्माण कार्यों से बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव, कीचड़ और रास्तों की समस्या से नागरिकों को हमेशा के लिए निजात मिलेगी।

मंत्री राजपूत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि हर गली और मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। सीसी रोड और पुलिया निर्माण से स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम यात्रियों के दैनिक आवागमन में बड़ी सुगमता आएगी।

उन्होंने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल-जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और पीएम किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य सरकार इन योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।

मंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की छोटी से छोटी शिकायत को भी गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न करने और समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इस पैदल भ्रमण के दौरान स्थानीय मंडल अध्यक्ष बुंदेल सिंह, नर्मदा सिंह, मोनू सिंह मोकलपुर, अरुण गौतम, सरमन सिंह, कमलेश पांडे, भोले राजा, मूरत सिंह, शुभम सिंह, पवन दुबे, बहादुर सिंह, टीकाराम चौबे, बसंत लोधी, नेपाल सिंह, अतुल भार्गव, लक्ष्मण सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story