मंत्री राजपूत ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आए कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा रखे गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान जिन प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण संभव था, उन्हें संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल हल कराया गया। वहीं, जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया अथवा विस्तृत परीक्षण आवश्यक था, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया।
मंत्री राजपूत ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके माध्यम से प्राप्त प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाएगा और पात्र प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस दौरान पार्टी के प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

