जबलपुरः मंत्री राकेश सिंह ने किया अस्पताल और जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः मंत्री राकेश सिंह ने किया अस्पताल और जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण


जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को केंट विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों केअलग-अलग दलों ने क्षेत्र भ्रमण कर स्कूलों, आँगनवाड़ी केंद्रों स्वास्थ्य केंद्रों, राशन दुकानों और छात्रावासों जैसे शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया तथा नागरिकों से सीधे संवाद कर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति जानी।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अभियान में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री जन विश्वास यात्रा के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने रांझी स्थित सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान श्री सिंह ने अस्पताल के नवीन भवन के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

इसके बाद लोक निर्माण मंत्री सिंह ने रांझी स्थित जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जल शोधन की प्रक्रिया को देखा और संयंत्र में आने वाली शिकायतों तथा उनके निराकरण की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने जल की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लिए जाने और उनकी जांच की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

मंत्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल गुणवत्ता की जांच हेतु लिए जाने वाले सैंपलों की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी रखा जाए। सैंपल की जांच समय-सीमा में सुनिश्चित करने के साथ ही इसकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी भी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story