दतिया : प्रह्लाद पटेल ने वीरांगना रानी अवंतीबाई की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बोले- उनकी वीरगाथा पीढ़ियों को देती रहेगी प्रेरणा
दतिया/बसई, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग मंत्री प्रह्लाद पटेल बुधवार को दतिया जिले के दूरस्थ क्षेत्र बसई पहुंचे। यहां उन्होंने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित आमजन और युवाओं को संबोधित करते हुए वीरांगना के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को याद किया।
मंत्री प्रह्लाद पटेल ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘नर्मदे हर’ के जयघोष के साथ की। उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी का अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और देशभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जिस वीरता के साथ संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास में उनके गौरवपूर्ण स्थान को दर्शाता है।
कम उम्र में संभाली राज्य की जिम्मेदारी
मंत्री पटेल ने कहा कि करीब दो शताब्दी पूर्व वीरांगना अवंतीबाई लोधी ने मात्र 22 वर्ष की आयु में रामगढ़ राज्य की जिम्मेदारी संभाली थी। घुड़सवारी और तलवारबाजी में निपुण रानी ने अपने पति के निधन के बाद राज्य का दायित्व संभालते हुए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई का जीवन त्याग और संघर्ष की मिसाल है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उनकी वीरता और संघर्ष की गाथा देश के इतिहास में हमेशा याद की जाती रहेगी।
‘अवंती सागर’ नाम से सम्मान
मंत्री ने बताया कि वीरांगना रानी अवंतीबाई की स्मृति को सम्मान देने के उद्देश्य से बरगी बांध का नाम ‘अवंती सागर’ रखा गया है। उन्होंने युवाओं से रानी अवंतीबाई के जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता आशुतोष तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

