सागरः मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
सागरः मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात


सागर, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खंपुआ (खमकुआ) में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने न केवल वृक्षारोपण कर प्रकृति को सहेजने का संदेश दिया, बल्कि क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी दी।

उन्होंने 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन का भूमिपूजन करने के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

समारोह को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री राजपूत ने पर्यावरण संतुलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, वृक्ष मानव जीवन का असली आधार हैं। प्रकृति के संरक्षण के बिना हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित नहीं रख सकते। उन्होंने 5 जून को पर्यावरण दिवस मनाए जाने के व्यावहारिक महत्व को समझाते हुए कहा कि इसके ठीक 15 दिन बाद मानसून का आगमन हो जाता है। ऐसे में जो भी व्यक्ति 5 जून को पौधा लगाता है, उसे कम से कम 15 दिनों तक उस पौधे को नियमित पानी देना चाहिए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। मंत्री ने नारा दिया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा करना भी हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने जनता से 'एक पेड़ मां के नाम' और 'एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के नाम' लगाने का भावुक आह्वान किया।

सुरखी विधानसभा के विकास का रोडमैप साझा करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि ग्राम खंपुआ में स्वीकृत किए गए 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन से क्षेत्र के लगभग 10 गांवों को सीधा और त्वरित लाभ मिलेगा। ग्रामीण लंबे समय से बिजली की लचर व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने अब पूरा कर दिया है।

इस सब स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में लो-वोल्टेज की पुरानी समस्या का हमेशा के लिए खात्मा हो जाएगा और अघोषित बिजली कटौती से राहत मिलेगी। इससे न केवल घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों और विद्यार्थियों को सुविधा होगी, बल्कि कृषि पंपों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे फसलों की उत्पादन क्षमता में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति (अंत्योदय) तक लाभ पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story