भोपाल के ईएसआईसी अस्पताल के उन्नयन और चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के ईएसआईसी अस्पताल के उन्नयन और चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने की मांग की


- केंद्रीय मंत्री मांडविया को राज्यमंत्री गौर ने लिखा पत्र

भोपाल, 27 जून (हि.स.) । केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल, सोनागिरी के उन्नयन के संबंध में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए निवेदन किया है।

जनसंपर्क अधिकारी शिवम शुक्ल ने शनिवार को बताया कि राज्यमंत्री गौर ने पत्र में उल्लेख किया है कि यह अस्पताल भोपाल, मंडीदीप, सतलापुर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों तथा उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है। वर्तमान में लगभग 6.5 लाख बीमित कामगार इस अस्पताल से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि पूर्व में यह अस्पताल राज्य शासन के श्रम विभाग द्वारा राज्य कर्मचारी बीमा सेवाएं द्वारा संचालित था, लेकिन दिनांक 22 जून 2023 को भारत सरकार के श्रम मंत्रालय ने इसका संचालन अपने हाथ में ले लिया और आज भी भारत सरकार के श्रम मंत्रालय के नियंत्रण में है। इसलिए बीमित श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए इसका 300 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेष चिकित्सकों एवं मानव संसाधन की पर्याप्त उपलब्धता और सेकेंडरी व सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए निवेदन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story