अनूपपुर: विजयादशमी पर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन में राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: विजयादशमी पर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन में राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल में हुए शामिल


अनूपपुर: विजयादशमी पर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन में राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल में हुए शामिल


अनूपपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार को विजयादशमी के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ हवन अनुष्ठान कर शस्त्र पूजन किया।

उन्होंने जिलेवासियों को दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश शासन विरासत से विकास की ओर बढ़ते हुए सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

राज्यमंत्री जायसवाल ने कहा कि शस्त्र पूजन हमें शक्ति, साहस और सुरक्षा के महत्व का स्मरण कराता है। व्यक्ति के पास कितना भी धन, बुद्धि और ज्ञान क्यों न हो, लेकिन यदि उसमें अपनी रक्षा करने की शक्ति नहीं है, तो वह चुनौतियों का सामना नहीं कर सकता। भारतीय संस्कृति में देवी-देवताओं के एक हाथ में शास्त्र और दूसरे हाथ में शस्त्र होने की परंपरा ज्ञान के साथ शक्ति के महत्व का संदेश देती है। हमें शास्त्रों के माध्यम से ज्ञान प्राप्त करना चाहिए और संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर अन्याय और दुष्ट प्रवृत्तियों का सामना करने के लिए शक्ति का उपयोग भी करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत आज रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक समय था, जब भारत को आधुनिक हथियारों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन आज भारत आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न सैन्य अभियानों ने देश की सामरिक क्षमता और सैन्य शक्ति को प्रदर्शित किया है। आधुनिक हथियारों और सशक्त सुरक्षा बलों के कारण भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी शक्ति एवं सामर्थ्य की पहचान स्थापित की है।

राज्यमंत्री जायसवाल ने पुलिस बल की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के कारण देश, प्रदेश और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहती है। उद्योगों, शासकीय कार्यालयों, सामाजिक गतिविधियों तथा विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों का शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना सुरक्षा बलों की सतत सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस का भय अपराधियों और असामाजिक तत्वों में होना चाहिए, जबकि आम जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहना चाहिए। पुलिस बल ने अपने कार्यों से जनता के बीच जो विश्वास अर्जित किया है, उसे निरंतर बनाए रखना आवश्यक है।

राज्यमंत्री ने विजयादशमी पर शस्त्र पूजन को शक्ति, कर्तव्य और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताते हुए पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सजगता के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे यातायात प्रभारी विनोद दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763928 Articles

Share this story