मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
भोपाल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन्हें शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी भी उपस्थित रहे।
मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण करना और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी आमजन की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने और उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

