आगरमालवाः मंत्री चौहान ने किया विकास कार्यो का भूमिपूजन
आगरमालवा, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगरमालवा जिले के प्रभारी नागर सिंह चौहान ने शुक्रवार को आगरमालवा जिला मुख्यालय पर हनुमान गढ़ी मंदिर से श्मशान तक 187 लाख की लागत से निर्मित होने वाले अटल पथ के साथ ही अन्य विकास कार्यां का भूमिपूजन किया।
उन्होंने नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री शहरी भू-अधिकार पत्र वितरण कार्यक्रम में 284 हितग्राहियों को मंच से भू-अधिकार पत्र वितरित कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर चौहान ने कहा कि आज देश एवं प्रदेश में शासन की योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। जो गरीब व्यक्ति कभी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करता था, आज उसे आवास, राशन, स्वास्थ्य उपचार, शिक्षा एवं रोजगार जैसी सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो रही हैं। सरकार की योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
प्रभारी मंत्री चौहान ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाओं एवं वंचित वर्गों के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हुआ है और कच्चे घरों में रहने वाले परिवार आज सुरक्षित छत के नीचे सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाखों परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आया है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ सुनिश्चित करना है। शासन निरंतर प्रयासरत है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम को क्षेत्रीय विधायक मधु गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का सीधा लाभ गरीब वर्ग को मिल रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों का पक्के आवास का सपना साकार हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

