गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र विकास का पर्याय बनकर निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर : राज्यमंत्री कृष्णा गौर

WhatsApp Channel Join Now
गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र विकास का पर्याय बनकर निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर : राज्यमंत्री कृष्णा गौर


- 1.83 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का हुआ भूमि पूजन

भोपाल, 24 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र विकास का पर्याय बनकर निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर है। क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी संभव नहीं है। जनता का अभूतपूर्व उत्साह और प्रगाढ़ विश्वास ही हमें जनसेवा एवं क्षेत्र के नवनिर्माण की ऊर्जा प्रदान करता है। जब क्षेत्र में सतत विकास कार्य संपादित होते हैं, तो नागरिकों की अपेक्षाएं बढ़ना स्वाभाविक है और उन अपेक्षाओं को पूर्ण करना ही हमारा सर्वोपरि लक्ष्य है। जनसुविधाओं का सुदृढ़ीकरण एवं क्षेत्र को प्रगति पथ पर निरंतर अग्रसर रखना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।

राज्यमंत्री गौर मंगलवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 60 में आयोजित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमि पूजन समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने वार्ड 60 अंतर्गत कुल 1 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से संपूर्ण क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन एवं जल निकासी की समुचित सुविधा प्राप्त होगी।

प्रताप नगर, जवाहर नगर और समन्वय नगर में सुगम आवागमन के लिए सड़क निर्माण

विकास कार्यों में वार्ड 60 स्थित प्रताप नगर के पिरामिड टाउन में 80 फीट मुख्य मार्ग तक 47 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़क का भूमिपूजन किया गया। इस मार्ग के निर्माण से न्यू फोर्ट कॉलोनी एवं आसपास के रहवासियों को सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, जवाहर नगर से समन्वय नगर चौराहे तक तथा सुरभि मोहिनी होम्स से ई-13 एक्सटेंशन तक 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जाने वाली सीसी सड़क का भी शिलान्यास संपन्न हुआ, जिससे स्थानीय ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।

कंचन नगर से नक्षत्र कैंपस तक 88 लाख रुपये की लागत से बनेगी आरसीसी नाली

क्षेत्रीय जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान एवं सुचारू जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कंचन नगर चौराहे से नक्षत्र कैंपस तक 88 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस नाली के निर्माण से वर्षाकाल एवं सामान्य दिनों में जल निकासी सुव्यवस्थित होगी, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्यगत लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में गणेश राम नगर, शिवलाल मकोरिया, संजय शिवनानी, आनंद पाठक, सुरेंद्र घोटे एवं श्रीमती मधु शिवनानी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story