धारः केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर सड़क दुर्घटना में मृत लोगों के अंतिम संस्कार में पहुंची
धार, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र में बुधवार रात इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटे के पास मजदूरों से भरी पिकअप और स्कॉर्पियो के बीच दर्दनाक दुर्घटना में 16 लोगों की मौत के पश्चात गुरुवार को मृतकों का अंतिम संस्कार हुआ।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर गुरुवार को मृत आदिवासी भाई बहनों के ग्राम रामपुरा, सेमलीपुरा एवं नवापुरा पहुँचकर अंतिम संस्कार में सम्मिलित हुई और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस असहनीय पीड़ा की घड़ी में हर संभव साथ देने का विश्वास दिलाया।
इससे पहले सुबह सभी मृतकों का पोस्टमार्टम जिला भोज चिकित्सालय में किया गया और सभी मृतकों के शव परिजनों के साथ उनके गांव रवाना किए गए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, जिला रोगी कल्याण समिति के सदस्य ज्ञानेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे । सभी ने सुबह जिला चिकित्सालय में भर्ती घायलों की जानकारी ली। दुर्घटना के समय से लेकर पोस्टमार्टम तक जिला चिकित्सालय का समस्त स्टॉप मुस्तैद रहा।
सिविल सर्जन सर्जन डॉ मुकुंद बर्मन के अनुसार 16 लोगों का पोस्टमार्टम किया गया है। लगभग 15 लोगों को अन्य चिकित्सालय में रेफर किया गया है वहीं शेष का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। वहीं जिले के प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजय वर्गीय इंदौर में उपचार रत घायलों से मिले और उनके स्वास्थ्य जानकारी ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

