महू में चिप्स फैक्ट्री में बड़ा धमाका, बॉयलर फटा, एक लड़के का चेहरा बुरी तरह झुलसा

WhatsApp Channel Join Now
महू में चिप्स फैक्ट्री में बड़ा धमाका, बॉयलर फटा, एक लड़के का चेहरा बुरी तरह झुलसा


महू, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के महू के कोदरिया गांव में शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक आलू चिप्स फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। फैक्ट्री के बॉयलर के फटने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में फैक्ट्री परिसर में रहने वाला एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी अनुसार घायल बच्चे की पहचान शुभम पुत्र जितेंद्र मकवाना के रूप में हुई है। धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे महू के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि शुभम का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है।

धमाके की गूंज से दहला इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद बॉयलर से तेज भाप निकलती रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुभम अपने परिवार के साथ इसी फैक्ट्री में रहता था। उसके पिता जितेंद्र मकवाना भी वहीं काम करते हैं, जिससे यह हादसा और भी चिंताजनक हो गया है।

अवैध कारखानों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कोदरिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई फैक्ट्रियां बिना वैध अनुमति के संचालित हो रही हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story