महू में बस-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, स्कूली बच्चे घायल, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
महू में बस-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, स्कूली बच्चे घायल, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा


महू, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के महू में शनिवार सुबह महू-मानपुर मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बड़गोंदा थाना क्षेत्र के गवली पलासिया स्थित महेश्वर फाटे के पास उपनगरीय बस और टाटा पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार कुछ स्कूली बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि पिकअप चालक टक्कर के बाद वाहन के अंदर फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस मानपुर से महू की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस चालक द्वारा ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान सामने से आ रही टाटा पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन के केबिन में फंस गया। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने वाहन का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल महू भेजा गया।

बस में सवार थे स्कूली बच्चे

हादसे के समय उपनगरीय बस में स्कूली बच्चे भी सवार थे। टक्कर के बाद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायल बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों का जायजा लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शी सनी गिरवान के मुताबिक बस चालक ओवरटेक कर रहा था, इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन चालकों की भूमिका की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story