राजगढः मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती का 2 घंटे में सुरक्षित रेस्क्यू,परिजनों को किया सुपुर्द

WhatsApp Channel Join Now
राजगढः मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती का 2 घंटे में सुरक्षित रेस्क्यू,परिजनों को किया सुपुर्द


राजगढ़, 27 अप्रैल(हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में बोड़ा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को सुरक्षित रेस्क्यू कर महज दो घंटे में उसके परिजनों से मिला दिया।

थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत के अनुसार सोमवार को सूचना मिली कि ग्राम मंडावर के पास बोड़ा-नरसिंहगढ़ रोड पर करीब 20-22 वर्षीय युवती अकेले घूम रही है और सड़क पर आ-जा रहे वाहनों से अनजान होकर चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान युवती अपना नाम-पता नहीं बता सकी, जिससे वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला आरक्षक की मदद से उसे थाना लाया गया। इसके बाद उसकी पहचान के लिए सोशल मीडिया और पुलिस ग्रुपों में फोटो साझा किया गया।

पुलिस की तेजी का असर यह रहा कि मात्र दो घंटे के भीतर युवती के परिजन थाना पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि युवती पिछले 2-3 वर्षों से मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज भोपाल में चल रहा है। आवश्यक सत्यापन के बाद युवती को सुरक्षित रूप से परिवार को सौंप दिया गया। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत,एसआई रामेष्वर षर्मा,प्रआर.रामनारायण जाटिया,आर.कपिल अटारिया सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story