मप्र के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतरकर कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतरकर कांग्रेस का प्रदर्शन


राजगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियवृत सिंह खींची के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली की अनियमित आपूर्ति से किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने बिजली कटौती की समस्या का तत्काल समाधान करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की।

रबी की बुवाई के दौरान बिजली संकट से किसान परेशान

कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश सहित देश की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा कृषि और कृषि आधारित उद्योगों पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित कटौती से किसान परेशान हैं।

ज्ञापन में कहा गया कि रबी फसलों की बुवाई के समय बिजली की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से कृषि कार्यों पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा बिजली कटौती के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस ने नवरात्र जैसे धार्मिक पर्व के दौरान बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि अनियमित आपूर्ति के कारण गांवों में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं।

निर्धारित समय पर बिजली देने की मांग

जिला कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने और किसानों को सिंचाई तथा कृषि कार्यों के लिए निर्धारित समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही ग्रामीण इलाकों में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कांग्रेस ने बिजली से संबंधित शिकायतों का जिला स्तर पर शीघ्र निराकरण करने की मांग भी रखी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विद्युत समस्याओं के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले लोगों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना तथा उनका समाधान करना प्रशासन और विद्युत विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में सुधार करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760990 Articles

Share this story