विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न
मंदसौर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने आयोग द्वारा जारी विभिन्न पत्रों के निदेर्शों के क्रम में 21 फरवरी 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि आमजन अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली का अवलोकन अपने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय अथवा अधिकृत स्थानों पर कर सकते हैं।
सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम निर्वाचक नामावली की एक-एक प्रति हार्ड कॉपी तथा एक प्रति सीडी (फोटो रहित) में उपलब्ध कराई गई। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में सम्मिलित होने से वंचित रह गया हो तो वे निर्धारित प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करें। नाम विलोपन हेतु प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टि में संशोधन हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जाए। विशेष रूप से ऐसे नागरिक जो 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उन्हें सूची में सम्मिलित कराने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की सफल क्रियान्विति में सहयोग प्रदान करने हेतु सभी राजनीतिक दलों का आभार व्यक्त करते हुए निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

