अनूपपुर: सड़क दुर्घटनाओं को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता, ओवरलोडिंग वाहनों पर दिया जाए विशेष ध्यान - कलेक्टर
अनूपपुर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी निर्माण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की आयोजित बैठक में कहा कि जनहित में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में सभी विभागों को सक्रिय एवं जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
कलेक्टर हर्षल पंचोली की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव की उपस्थिति में पूर्व में आयोजित बैठकों में लिए गए निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात नियमों के पालन तथा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा जनहानि को रोकने के लिए नागरिकों द्वारा यातायात नियमों का पालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से वाहन चलाते समय हेलमेट का नियमित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट न केवल कानूनी आवश्यकता है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन भी है। उन्होंने संबंधित विभागों को जनजागरूकता के साथ-साथ नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यातायात विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में पूर्व में चिन्हित 11 ब्लैक स्पॉट्स में से अधिकांश स्थानों पर सड़क सुरक्षा संबंधी सुधारात्मक कार्यों एवं दुर्घटनाओं में कमी आने के कारण उन्हें ब्लैक स्पॉट की श्रेणी से हटा दिया गया है। वर्तमान में केवल 4 ब्लैक स्पॉट शेष हैं, जो राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हैं। विभाग द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2026 में अब तक जिले में 187 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 232 व्यक्ति घायल हुए हैं तथा 71 लोगों की मृत्यु हुई है। इस पर कलेक्टर श्री पंचोली ने दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी एवं ठोस कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर कमलेश पुरी, जिला परिवहन अधिकारी सुरेंद्र सिंह गौतम, यातायात प्रभारी विनोद दुबे सहित अन्य संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

