जबलपुर मेडिकल कॉलेज में सोनोग्राफी सेंटर का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर मेडिकल कॉलेज में सोनोग्राफी सेंटर का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला


जबलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब सोनोग्राफी सेंटर की इमारत का एक छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस वक्त छज्जा गिरा, वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, जिस भवन में सोनोग्राफी विंग संचालित हो रही है, उसकी हालत लंबे समय से खराब बताई जा रही है। संबंधित विभाग की ओर से पूर्व में कई बार पत्राचार कर भवन की खराब स्थिति से अस्पताल प्रबंधन को अवगत कराया जा चुका था।

बताया गया है कि पत्रों में भवन की छत और बाहरी दीवारों के कमजोर होने का उल्लेख करते हुए समय रहते सेंटर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की जरूरत बताई गई थी। इसके बावजूद सोनोग्राफी सेवाएं इसी भवन में संचालित होती रहीं।

सोनोग्राफी सेंटर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज जांच कराने पहुंचते हैं। मरीज और उनके परिजन कई बार भवन के आसपास कतार में खड़े रहते हैं। ऐसे में जर्जर हिस्से के गिरने की घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छज्जा गिरने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अब जर्जर भवन की स्थिति को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य जर्जर संरचनाओं की भी जांच की जरूरत महसूस की जा रही है। जानकारों के मुताबिक, किसी बड़े हादसे से बचने के लिए भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराकर असुरक्षित हिस्सों को चिन्हित किया जाना चाहिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर सोनोग्राफी सेंटर को सुरक्षित वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जानी चाहिए।

फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, जर्जर भवन का हिस्सा गिरने की घटना ने अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story