महापौर ने किया ई-बस चार्जिंग डिपो का निरीक्षण, जल्द संचालन शुरू करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने किया ई-बस चार्जिंग डिपो का निरीक्षण, जल्द संचालन शुरू करने के निर्देश


भोपाल, 3 जुलाई (हि.स.)। भोपाल महापौर मालती राय ने शुक्रवार को संत हिरदाराम नगर में निर्माणाधीन ई-बस चार्जिंग डिपो का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूरा कर डिपो का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मेंटेनेंस वर्कशॉप में चल रहे सिविल कार्यों, प्रशासनिक इकाई की फिनिशिंग, ई-बस चार्जिंग व्यवस्था, बसों के आवागमन और पार्किंग प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने वर्कशॉप के सभी लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा मुख्य द्वार के बाहर पैवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, महापौर परिषद सदस्य मनोज राठौर सहित नगर निगम और बीसीएलएल के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने महापौर को बताया कि भोपाल में शीघ्र ही 65 नई ई-बसें आने वाली हैं। डिपो में स्थापित चार्जिंग स्टेशन पर एक बस को पूरी तरह चार्ज होने में लगभग एक से सवा घंटे का समय लगेगा।

महापौर मालती राय ने कहा कि ई-बस डिपो के शुरू होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story