मऊगंज में सोलर प्लांट घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, बिजली विभाग के निलंबित जेई की पत्नी की कंपनी पर एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
मऊगंज में सोलर प्लांट घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, बिजली विभाग के निलंबित जेई की पत्नी की कंपनी पर एफआईआर


मऊगंज में सोलर प्लांट घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, बिजली विभाग के निलंबित जेई की पत्नी की कंपनी पर एफआईआर


मऊगंज, 4 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में हनुमना स्थित 2 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र के विद्युत संयोजन और लाइन विस्तार कार्य में सरकारी विद्युत सामग्री के कथित दुरुपयोग का मामला अब आपराधिक जांच तक पहुंच गया है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की शिकायत पर हनुमना थाने में संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रकरण में आरोप है कि सोलर प्लांट के कार्य के दौरान विद्युत वितरण एवं ट्रांसमिशन कंपनियों की सामग्री का अनधिकृत रूप से उपयोग किया गया। जांच में सामने आया कि यह कार्य मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज को सौंपा गया था, जिसकी प्रोपराइटर ममता कुमारी हैं। ममता कुमारी, बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) रंजीत कुमार साहू की पत्नी हैं। रंजीत कुमार साहू वर्तमान में सीधी जिले के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में पदस्थ हैं और जांच के दौरान प्रथम दृष्टया संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

कंपनी प्रबंधन के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मुख्य अभियंता (प्रवर्तन), रीवा के नेतृत्व में गठित जांच समिति ने मामले की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान सोलर प्लांट में लगाए गए कई विद्युत उपकरणों पर मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड का नाम अंकित मिला, जबकि कंट्रोल केबल पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड का उल्लेख पाया गया। इसके अलावा वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) की नेम प्लेट पर खरीदार संबंधी जानकारी मिटाई हुई मिली, जिससे मामले में अनियमितताओं की आशंका और गहरा गई।

इसके बाद संबंधित कंपनियों से अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने हनुमना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मेसर्स ओम एंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर ममता कुमारी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग भी पूरे प्रकरण में अन्य संभावित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story