जनसमस्याओं को लेकर पूर्व विधायक का प्रशासन पर हमला, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
जनसमस्याओं को लेकर पूर्व विधायक का प्रशासन पर हमला, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी


मऊगंज, 01 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मऊगंज जिले में पेयजल, सड़क सुरक्षा, विकास कार्यों और अवैध गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर पूर्व कांग्रेस विधायक सुखेंद्र सिंह ‘बन्ना’ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।

पूर्व विधायक ने कहा कि जिले में कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन प्रशासन अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से मऊगंज-हनुमना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-135) पर बराव बाईपास और मोटवा पहाड़ी क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए यहां स्पीड ब्रेकर और ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। उनका कहना है कि इन स्थानों पर लगातार हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।

उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मऊगंज और हनुमना क्षेत्र की नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की भी मांग की। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कार्य नहीं हुए तो जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

ज्ञापन में पंचायतों के विकास कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग की राशि के अनुमोदन में देरी के कारण जनपद पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत लाइनें और खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने की मांग भी की गई।

सुखेंद्र सिंह बन्ना ने जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की आवश्यकता बताते हुए पुलिस और आबकारी विभाग से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री सामाजिक समस्याओं को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने नगर परिषद मऊगंज क्षेत्र में पुनर्वासित परिवारों, अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों तथा भूमिहीन परिवारों को आवास और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story