मऊगंज में करोड़ों की अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद

WhatsApp Channel Join Now
मऊगंज में करोड़ों की अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद


मऊगंज, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में संचालित एक अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान तैयार एमडी ड्रग्स, रासायनिक पदार्थ, एसिड, अत्याधुनिक मशीनरी, उपकरण और एक चारपहिया वाहन सहित करोड़ों रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिझौली गांव में बड़े पैमाने पर सिंथेटिक ड्रग्स का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मऊगंज पुलिस अधीक्षक एस.के. जैन के निर्देशन और एसडीओपी साची पाठक की निगरानी में विशेष टीम गठित कर रविवार देर रात संदिग्ध परिसर में दबिश दी गई।

पुलिस के पहुंचते ही परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान तैयार एमडी ड्रग्स, ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त रसायन, एसिड, मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग मादक पदार्थों की ढुलाई में होने की आशंका है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार की जाने वाली एमडी ड्रग्स की सप्लाई रीवा संभाग के अलावा मुंबई सहित अन्य बड़े शहरों तक की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, आर्थिक लेन-देन और सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रीवा जोन में सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। जब्त सामग्री की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभिन्न पुलिस एजेंसियों की मदद से मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story