मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर : उप मुख्यमंत्री शुक्ल


-उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने जबलपुर संभाग के बंधपत्र चिकित्सकों से किया संवाद

भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार काे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जबलपुर संभाग के अंतर्गत जबलपुर, मंडला एवं नरसिंहपुर जिलों में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सकों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों को पूरी प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए मनोयोग से सेवा प्रदाय करने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, उनकी गुणवत्ता में सुधार और आम नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बंधपत्र चिकित्सक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने चिकित्सकों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण, सिकल सेल रोग की पहचान एवं प्रबंधन तथा गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) से संबंधित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बंधपत्र चिकित्सकों की पदस्थापना, ज्वाइनिंग, कार्यपरिस्थितियों एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को निर्देश दिए कि चिकित्सकों के रहने, भोजन, पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चिकित्सकों को सकारात्मक एवं सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे पूरी क्षमता और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे सकें। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। जिला स्तर पर आवश्यक प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के साथ ही संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) को भी अपने क्षेत्र में पदस्थ चिकित्सकों की सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

मंडला जिले की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहंती ने जानकारी दी कि जिले में कुल 67 बंधपत्र चिकित्सक पदस्थ किए गए हैं, जिनमें से 50 चिकित्सक ज्वाइन कर सेवाएं दे रहे हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शेष चिकित्सकों की ज्वाइनिंग की स्थिति की समीक्षा करने तथा पदस्थ चिकित्सकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने मंडला जिले के बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम जमथर में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सक डॉ. आशीष पारस से सीधे संवाद कर उनकी कार्यस्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे निर्धारित ओपीडी एवं सेवा स्थल पर उपस्थित रहें, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने बिजली एवं पानी की समस्या के निराकरण और स्वास्थ्य संस्था में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने जबलपुर के मझगवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ बंधपत्र चिकित्सक डॉ. अंजू मरावी से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सक से कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं, ओपीडी के समय, टेलीमेडिसिन सेवाओं, अस्पताल में उपलब्ध दवाओं तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मानव संसाधनों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि बंधपत्र चिकित्सकों को बेहतर कार्यपरिस्थितियां एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति रहे, मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श मिले तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा करते हुए कमियों को दूर किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच एवं गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी, बंधपत्र चिकित्सक नोडल डॉ. पंकज ग्रोवर, डॉ. कमलेश वर्मा, डॉ. वैशाली खन्ना सहित जबलपुर, मंडला एवं नरसिंहपुर के संबंधित बीएमओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story