राजगढ़ः मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 10 दिन में दिखे ठोस परिणाम- प्रेक्षक वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 10 दिन में दिखे ठोस परिणाम- प्रेक्षक वर्मा


राजगढ़, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्थानीय निकाय और पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई। बैठक में स्थानीय निर्वाचन के प्रेक्षक अभय वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 10 दिनों में लक्ष्य आधारित कार्य करते हुए पुनरीक्षण प्रक्रिया में ठोस प्रगति सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग इस कार्य को लेकर गंभीर है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले की सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, दावे-आपत्तियों के निराकरण, फोटोयुक्त सूची तैयार करने और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन संबंधी प्रगति से अवगत कराया। बैठक में बताया गया कि मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नामों का सत्यापन कर सूची का शुद्धिकरण किया जा रहा है। साथ ही ऐसे लोगों की भी जांच की जा रही है जिनके नाम स्थानीय निकाय या पंचायत की सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।

प्रेक्षक अभय वर्मा ने कहा कि घर-घर सत्यापन, दावे-आपत्तियों के त्वरित निराकरण और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने नवविवाहित महिलाओं, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो और अपात्र नामों का विलोपन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शिता, गुणवत्ता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान,संयुक्त कलेक्टर वीरेन्द्रसिंह दांगी,एसडीएम निधि भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story