नीमच में फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, 6 करोड़ का नुकसान, शॉर्ट सर्किट की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
नीमच में फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, 6 करोड़ का नुकसान, शॉर्ट सर्किट की आशंका


नीमच, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच शहर के सिंगोली रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र के पास स्थित नाकोड़ा फर्नीचर के गोदाम में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता काले धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

आग पर काबू पाने के लिए नीमच नगर पालिका, सीआईएसएफ और जीरन नगर परिषद की 7 फायर ब्रिगेड के साथ 2 पानी के टैंकर लगाए गए। एसडीएम पराग जैन, तहसीलदार मृगेंद्र सिसोदिया और संजीव मालवीय भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं अग्निशमन कार्य का जायजा लिया।

गोदाम का पिछला हिस्सा पूरी तरह जला

गोदाम मालिक दीपक जैन के मुताबिक, आग का पता चलने तक गोदाम के पिछले हिस्से में आग तेजी से फैल चुकी थी। यहां बड़ी मात्रा में सोफा सेट, पलंग, अलमारियां, गद्दे, प्लाईवुड और फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें रखी थीं। आग की चपेट में आने से इनका बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से करीब 6 करोड़ रुपए के सामान, स्टॉक और गोदाम के शेड को नुकसान पहुंचा है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सीसीटीवी कैमरे भी जले, कारण स्पष्ट नहीं

आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी जल गए। इससे आग की शुरुआत किस हिस्से से हुई, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है, प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट की आशंका है। खबर लिखे जाने तक दमकल की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी थीं। प्रशासन की ओर से आग के कारणों और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किए जाने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story