दतिया में 4 किमी तक फैली भीषण आग, गेहूं की लांक व कृषि उपकरण जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
दतिया में 4 किमी तक फैली भीषण आग, गेहूं की लांक व कृषि उपकरण जलकर खाक


सेमरी-अकोला-चिरोल क्षेत्र में हड़कंप, 10–20 लाख के नुकसान का अनुमान, तेज हवा से बेकाबू हुई आग

दतिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के धीरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरी, अकोला और चिरोल के मोजों में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 4 किलोमीटर का क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। खेतों में रखी गेहूं की लांक (फसल के ढेर), मोटर पंप और पाइप जलकर पूरी तरह खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 10 से 20 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाम रहे। घटना की सूचना पर दतिया से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता के सामने यह प्रयास नाकाफी साबित हुआ। लंबे समय तक अतिरिक्त दमकल नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता गया।

गांव तक पहुंचने का खतरा

किसानों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त संसाधन और प्रशासनिक मदद नहीं मिली, तो आग रिहायशी इलाके तक पहुंच सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। ग्रामीण और प्रशासन मिलकर आग बुझाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story