इंदौर: सांवेर रोड के नरवल में स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर: सांवेर रोड के नरवल में स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा


इंदौर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में सांवेर रोड स्थित नरवल क्षेत्र में रविवार सुबह एक प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और तीन फायर ब्रिगेड गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।

फायर अधिकारियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक स्क्रैप रखा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। धुएं के कारण आसपास के रहवासियों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। गोदाम के पास ही मजदूरों के क्वार्टर बने हुए हैं। आग की लपटें बढ़ती देख वहां रहने वाले लोग घबरा गए और एहतियातन अपने घरों से सामान बाहर निकालने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल टीम ने क्वार्टरों की दिशा में भी पानी की बौछारें कर आग को रिहायशी इलाके तक पहुंचने से रोका।

धुएं से बिगड़ी महिलाओं की तबीयत

घटना के दौरान आसपास के घरों में धुआं भरने से कुछ लोगों को परेशानी हुई। स्थानीय निवासी शंकर परमार के घर तक धुआं पहुंच गया, जिससे परिवार को घर खाली करना पड़ा। धुएं के कारण 2-3 महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, हालांकि बाद में उनकी स्थिति सामान्य हो गई।

कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया

फायर ब्रिगेड के एसआई शिवनारायण शर्मा के मुताबिक, यह गोदाम मोहम्मद इरफान का है। घटना के समय गोदाम बंद था, लेकिन अंदर मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग बुझाने के लिए करीब 10 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया।

समय पर काबू, कारण स्पष्ट नहीं

बीजेपी नेता मासूम जायसवाल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल विभाग समय पर पहुंच गई थी और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story