उज्जैन के बड़नगर में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन के बड़नगर में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान


चार दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू, प्लास्टिक-पुट्ठे का कबाड़ जलकर खाक

उज्जैन, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील स्थित भगवती माता मंदिर मार्ग पर शनिवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम में रखा प्लास्टिक, पुट्ठा और अन्य कबाड़ सामग्री आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद गोदाम से उठती ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। आग की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते दमकल दल के पहुंचने से आग आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक ली गई।

जेसीबी से हटाए टीन शेड, तब बुझी आग

गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कबाड़ सामग्री होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग की गहराई तक पहुंचने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से गोदाम के टीन शेड और पतरे हटाए गए। इसके बाद अंदर सुलग रही आग पर पानी की बौछार कर उसे पूरी तरह नियंत्रित किया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, लाखों का नुकसान

गोदाम संचालक शोएब पुत्र अब्बू पहलवान ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना में गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कबाड़ जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story