इंदौर में टायर-फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में टायर-फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू


इंदौर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के एलआईजी लिंक रोड स्थित एक गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फायर ब्रिगेड के अनुसार, रात 2:51 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिस गोदाम में आग लगी, वहां चार अलग-अलग कारोबारियों का सामान रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से सभी का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गोदाम में टेंट सामग्री, नए-पुराने टायर, फर्नीचर, सोफा निर्माण सामग्री, प्लाइवुड और माइका का स्टॉक रखा हुआ था। आग में राहुल भंडारी का टेंट का सामान, महमूद के नए-पुराने टायर, इरफान अली की सोफा सामग्री तथा प्रशांत खरे का माइका और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग बुझाने में लगा 2.10 लाख लीटर पानी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया था, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए करीब 2 लाख 10 हजार लीटर पानी का उपयोग किया, तब जाकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story