सीधी में गारमेंट्स दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
सीधी में गारमेंट्स दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका


सीधी, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर एक गारमेंट्स दुकान में अचानक भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश माल नष्ट हो चुका था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।

दोपहर में अचानक उठीं आग की लपटें

जानकारी के अनुसार ग्राम पटपरा में किराए के भवन में संचालित शिवजी इंटरप्राइजेज एवं गारमेंट्स में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के समय दुकान संचालक सत्यभान साकेत अपने घर पर थे। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख मकान मालिक ध्रुव नारायण सिंह ने उन्हें फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सत्यभान साकेत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। देखते ही देखते दुकान में रखा कपड़ा, रेडीमेड गारमेंट्स और अन्य सामान आग की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों ने किया बचाव का प्रयास

आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़ा और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। बाद में दमकल वाहन की मदद से आग पर नियंत्रण पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें और धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

लाखाें के नुकसान की आशंका

दुकान संचालक सत्यभान साकेत ने बताया कि आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा लगभग 20 लाख रुपए मूल्य का कपड़ा और गारमेंट्स का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा काउंटर में रखी करीब दो हजार रुपए की नकदी भी जलकर खाक हो गई। उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत से तैयार किया गया कारोबार कुछ ही मिनटों में तबाह हो गया। घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

जांच में जुटे पुलिस और राजस्व अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है तथा आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। कमर्जी थाना में पदस्थ इंद्राज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विद्युत शॉर्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन कराने के लिए पटवारी और तहसीलदार को भी सूचित कर दिया गया है।

प्रशासन से सहायता की मांग

आगजनी की घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं राजस्व विभाग की टीम नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र के व्यापारियों को भी चिंता में डाल दिया है। व्यापारियों का कहना है कि बाजारों और दुकानों में विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है और नुकसान का अंतिम आंकड़ा सर्वे रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story