विदिशा में ईवी शोरूम में भीषण आग से 35 गाड़ियां हुईं खाक, ऊपर फंसे दो परिवारों का जेसीबी से किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
विदिशा में ईवी शोरूम में भीषण आग से 35 गाड़ियां हुईं खाक, ऊपर फंसे दो परिवारों का जेसीबी से किया रेस्क्यू


विदिशा में ईवी शोरूम में भीषण आग से 35 गाड़ियां हुईं खाक, ऊपर फंसे दो परिवारों का जेसीबी से किया रेस्क्यू


विदिशा में ईवी शोरूम में भीषण आग से 35 गाड़ियां हुईं खाक, ऊपर फंसे दो परिवारों का जेसीबी से किया रेस्क्यू


विदिशा, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के पीतलमोल इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) शोरूम में भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में शोरूम में खड़ी करीब 30 से 35 गाड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गई हैं, जिससे लगभग 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के समय शोरूम के ऊपर बनी दो मंजिलों में दो परिवारों के 6 सदस्य फंस गए थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से ग्रिल तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, पीतलमोल स्थित कॉन्वेंट स्कूल के सामने बने इस व्यावसायिक सह आवासीय भवन में आग रात करीब 1:30 बजे भड़की। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित शोरूम से उठा काला धुआं देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। पहली मंजिल पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने जब धुआं महसूस किया, तब तक निकलने का रास्ता बंद हो चुका था। जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल पर रह रहा जैन परिवार भी छज्जे पर आ गया। हालात बिगड़ते देख स्थानीय स्तर पर एक निजी जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की ऊंचाई की मदद से गैलरी की ग्रिल काटी गई और धुएं के बीच फंसी बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

भोपाल से दी गई सूचना

हैरानी की बात यह रही कि घटना की पहली सूचना भोपाल से मिली। पहली मंजिल पर रहने वाली महिला के बेटे गौरांग माथुर उस वक्त भोपाल में थे। उन्होंने बताया कि रात 2 बजे मां का फोन आने पर उन्होंने विदिशा फायर ब्रिगेड से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं हुई तो सिविल लाइन थाना प्रभारी ए.के. मिश्रा को फोन किया। जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हालांकि तब तक काफी नुकसान हाे चुका था। गौरांग के अनुसार, अगर दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं तो नुकसान को कम किया जा सकता था। बुधवार सुबह जब बिल्डिंग का एक किरायेदार मौके पर पहुंचा, तो उसके कमरे में भी धुआं भरा हुआ था, लेकिन उसका कोई सामान नहीं जला।

करीब 25 लाख रुपए का नुकसान

शोरूम मालिक पंकज जैन के मुताबिक, आग में 30 से 35 ई-बाइक्स जलने से करीब 25 लाख रुपए की वित्तीय क्षति हुई है। राहत की बात यह रही कि आग की चपेट में आने के बावजूद ई-बाइक्स की बैटरियों में कोई विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनर (एसी) में ब्लास्ट के कारण लगी होगी। फिलहाल, पुलिस और फायर विभाग की टीमें नुकसान का आकलन और आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story