आगरमालवा में 51 हजार कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुड़कर दिया संबोधन

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवा में 51 हजार कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुड़कर दिया संबोधन


आगरमालवा, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा विधायक मधु गहलोत के नेतृत्व में गुरुवार को 51 हजार कलश यात्रा स्थानीय पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई। इस भव्य कलश यात्रा में उमड़े जन सैलाब में हजारों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

नगर के प्रमुख मार्गो से होती हुई कलश यात्रा पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर माधवगंज, हाटपुरा, सराफा बाजार, गोपाल मंदिर नाना बाजार, झंडा चैक, छावनी नाका होते हुए प्रसिद्ध, प्राचीन व ऐतिहासिक शिवालय श्रीबैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची, जहां कलश यात्रियों द्वारा बाबा बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक किया गया।

इसके पूर्व कृषि उपज मंडी में आयोजित हुए कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने भव्य कलश यात्रा में वर्चुअल सहभागिता करते हुए कहा कि धार्मिक उत्सव और इस तरह के आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को जागृत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आगे कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ की भावना के साथ यदि हम आगे बढ़ेंगे तो निश्चित रूप से बाबा महाकाल एवं बाबा बैजनाथ का आशीर्वाद’ हमें अवश्य मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, शिक्षा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लाडली बहना योजना की राशि भी बहनों को शीघ्र ही प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में उज्जैन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए आगरमालवा एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में विकसित होगा। प्रदेश और जिले के विकास के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। सड़क, बिजली और पानी की पर्याप्त उपलब्धता के कारण आगरमालवा के किसान आज उन्नत खेती कर रहे हैं। विकास के मामले में भी आगरमालवा जिला प्रदेश में नंबर वन बनकर उभरा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मधु गेहलोत ने कहा कि चार माह बाद निर्धन कन्याओं का आगरमालवा में निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक वेतन से विधानसभा क्षैत्र में 23 निर्धन परिवारों को मकान बनाकर उपलब्ध करवाएं गए है। क्षैत्र के विभिन्न गांवों में सामाजिक कार्यों के लिये टीनशेड भी बनाएं है। उन्होंने कलश यात्रा में एक आव्हान पर बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता उनका धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story