भोपाल में सामूहिक निकाह समारोह, 161 जोड़ों ने कबूल किया निकाह

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में सामूहिक निकाह समारोह, 161 जोड़ों ने कबूल किया निकाह


भोपाल, 20 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत शुक्रवार को भोपाल में सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह आयोजित किए गए। नगर पालिक निगम भोपाल और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में आयोजित सामूहिक निकाह कार्यक्रम में 161 जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। वहीं, हिंदी भवन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में तीन जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।

सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में आयोजित कार्यक्रम नगर निगम के जोन क्रमांक-5 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-19 में संपन्न हुआ। निकाह की धार्मिक रस्में नायब काजी मौलवी अली कदर हुसैनी ने पूरी कराईं। उन्होंने खुतबा पढ़कर 161 जोड़ों के निकाह की औपचारिकताएं संपन्न कराईं। इस दौरान वर-वधू और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।

इसी योजना के तहत हिंदी भवन में भी सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें तीन जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में परिजन और आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पार्षद डॉ. रेहान सिद्दीकी सहित गणमान्य नागरिक, वर-वधू के परिजन, सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विवाह योग्य युवक-युवतियों के विवाह और निकाह सामूहिक रूप से संपन्न कराए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story