अनूपपुर: लतार परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल, हटाये गये केंद्राध्यक्ष
अनूपपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लतार में बोर्ड परीक्षा में सामूहिक नकल कराये जाने की शिकायत शनिवार को ग्राम लतार निवासी सोमेश्वर नारायण पाठक ने कलेक्टर से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस दौरान एक छात्रा का विडियों जारी कर जानकारी दी गई हैं। वहीं शनिवार को परीक्षा केंद्राध्यक्ष को हटा दिया गया हैं।
सोमेश्वर नारायण पाठक ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लतार परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल कराए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत में बताया हैं कि 20 फरवरी को आयोजित परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष में खुलेआम नकल करायागया हैं। आरोप है कि कुछ विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखने में विशेष सहायता दी गई, जबकि अन्य विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए बाध्य किया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि परीक्षा कक्ष में निरीक्षण व्यवस्था प्रभावी नहीं थी और नियमों की अनदेखी की गई। यह भी कहा है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शिकायत पर कार्यवाही करते हुए परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रेमजीत प्रजापति (प्रधानाध्यापक माध्यमिक विद्यालय परासी) को हटाते हुए नये केंद्राध्यक्ष शीला पटेल को नियुक्त किया गया हैं।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बताया कि शिकायत मिलने पर प्रथम दृष्टया परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रेमजीत प्रजापति को हटा दिया गया है। निलंबन की कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

