नलखेड़ा निवासी विवाहिता ने दर्ज करवाया दुष्कर्म का प्रकरण

WhatsApp Channel Join Now

उज्जैन,02अप्रेल(हि. स.)। नलखेड़ा में रहने वाली महिला ने महाकाल थाने पहुंचकर प्रेमी के खिलाफ 10 माह पूर्व अपने साथ हुए दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी के परिजनों का कहना है कि युवक की 20 दिन बाद शादी है जिसकी जानकारी महिला को लगी तो उसने साजिश रचकर केस दर्ज करा दिया। युवक अब पुलिस की हिरासत में है।

पुलिस ने बताया कि नलखेड़ा में रहने वाली 22 वर्षीय विवाहिता महिला को पड़ोस में रहने वाले युवक ने 15 मई 2023 को उज्जैन बुलाया और बातचीत करने के बहाने महाकाल थाना क्षेत्र स्थित आशुतोष शिखर गेस्ट हाऊस में ले गया। यहां उसने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। जिसे महिला ने ठुकरा दिया तो युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला घटना के बाद घर लौट गई। 10 माह बाद उसने महाकाल थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ धारा 376 का केस दर्ज करा दिया और पुलिस को बताया कि दुष्कर्म के बाद से वह आत्मग्लानि में थी और अपने पिता को इसकी जानकारी देने के बाद थाने में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने आई।

इधर युवक के परिजनों ने बताया कि उनके बेटे का 20 दिन बाद विवाह है। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं इधर महिला ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया तो पुलिस ने घर से उसे पकड़ लिया। महिला हमारे बेटे की शादी नहीं होने देना चाहती इसी कारण केस दर्ज कराया है। इधर पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। जिसे संभवत: आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। युवक के परिजनों ने कहा कि महिला की रिपोर्ट के कारण परिवार के लोग परेशान है।

हिंदुस्थान समाचार/ललित ज्वेल

/नेहा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story