राजगढ़ में इलाज के दौरान विवाहिता की मौत, पिता ने पति पर लगाया जहर देने का आरोप
राजगढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम वदेशी निवासी 24 वर्षीय विवाहिता की शनिवार को शाजापुर जिले के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने उसके पति जगदीश पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम वदेशी निवासी सोना की तबीयत खराब होने पर उसे शाजापुर जिले के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति जगदीश के मुताबिक, उसकी शादी सोना से तीन साल पहले देवास में हुई थी। शादी के बाद से ही सोना की तबीयत खराब रहती थी। चिकित्सकों ने उसे टीबी से पीड़ित बताया था और उसका उपचार कराया जा रहा था।
सोना की मौत के बाद जगदीश ने इसकी सूचना उसके मायके पक्ष को दी। सूचना मिलने पर विवाहिता के पिता ने पति पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही।
इसके बाद जगदीश परिजनों के साथ सोना का शव लेकर ग्राम वदेशी पहुंचा। परिजनों की सलाह पर शव को सारंगपुर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

