राजगढ़ः जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, मंत्री पंवार और टेटवाल ने तिरंगा यात्रा में लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, मंत्री पंवार और टेटवाल ने तिरंगा यात्रा में लिया हिस्सा


राजगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बलराम कृषि महोत्सव के दौरान रविवार को राजगढ़ जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गई। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार और कौशल विकास राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान दोनों मंत्रियों ने नागरिकों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा के दौरान क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया। भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मंत्रियों ने लोगों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान को जनअभियान बनाने की अपील की।

इधर, मंत्री नारायण सिंह पंवार ने ब्यावरा स्थित अपने निवास पर राष्ट्र की आन, बान और शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराकर अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। मंत्री पंवार ने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या, संघर्ष और अदम्य साहस के कारण देश को स्वतंत्रता मिली। राष्ट्रध्वज हमारे गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, दिलवर यादव, पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story