जबलपुर में मानसून की दस्तक, जलभराव से राहत दिलाने के लिए दिन-रात मैदान में डटे निगम कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में मानसून की दस्तक, जलभराव से राहत दिलाने के लिए दिन-रात मैदान में डटे निगम कर्मचारी


जबलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मानसून की आमद के पूर्व से ही गुरुवार को नगर निगम ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अपनी पूरी टीम लगा दी है। नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम के स्वच्छता मित्र और तकनीकी टीमें दिन-रात सजगता से मुस्तैद हैं।

निगम निगम द्वारा शहर के सभी मुख्य नालों और वार्डों की नालियों की सफाई का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। कचरा, प्लास्टिक और गाद को हटाने के लिए आधुनिक मशीनों के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इस संबंध में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है ताकि भारी बारिश के दौरान भी पानी सड़कों पर जमा न हो और तेजी से निकल सके।

निगमायुक्त ने बताया कि मुख्यालय से लेकर संभागीय कार्यालयों तक सभी लोग अलर्ट हैं। उन्होंने बताया कि जल प्लावन की स्थिति से निपटने और नागरिकों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए निगम मुख्यालय सहित सभी संभागीय कार्यालयों में 'विशेष कंट्रोल रूम स्थापित की गई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से जलभराव वाले संभावित संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है। कहीं भी पानी जमा होने की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात टीमें तुरंत सक्रिय होकर जल निकासी सुनिश्चित कर रही हैं।

निगमायुक्त ने बताया कि जल निकासी के लिए हैवी ड्यूटी पंप और आवश्यक उपकरण हर संभाग में एडवांस में ही उपलब्ध करा दिए गए हैं। निगमायुक्त ने बताया कि निगम के कर्मचारी शहर को जलभराव से मुक्त रखने के लिए निरंतर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। नागरिकों से भी अनुरोध है कि वे नालियों और नालों में प्लास्टिक या कचरा न फेंकें, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में निगम का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story