मंदसौर: डंपर की टक्कर से शिक्षक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
मंदसौर, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। हादसा ढाबला फंटे के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खाखरिया खेड़ी निवासी महिपाल सिंह तोमर बाइक से जा रहे थे। ढाबला फंटे के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महिपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। महिपाल सिंह तोमर शासकीय माध्यमिक विद्यालय भूखी में गणित के वरिष्ठ शिक्षक थे। वे स्कूल में प्रभारी प्रधान अध्यापक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और स्कूल स्टाफ में शोक की स्थिति बन गई। विद्यार्थियों और सहकर्मियों ने भी उनके निधन पर दुख जताया।
पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक की तलाश शुरू की
हादसे की सूचना मिलने पर नारायणगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

