मंदसौर : अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए रिश्वत लेते सरपंच और प्रतिनिधि पकड़े गए

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर : अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए रिश्वत लेते सरपंच और प्रतिनिधि पकड़े गए


मंदसौर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले की ग्राम पंचायत दलौदा में अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में सरपंच दुर्गा कैथवास और सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने सोमवार को रंगे हाथों पकड़ा।

जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी विक्रम सिंह पिता तखत सिंह को मकान निर्माण के लिए बैंक से ऋण लेना था। ऋण संबंधी प्रक्रिया के लिए ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। आरोप है कि प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि ने आवेदक से पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में चार हजार रुपये में सहमति बनी।

बताया गया कि आवेदक ने 500 रुपये रिश्वत की राशि पहले ही दे दी थी। शेष 3500 रुपये सोमवार को दिए जाने थे। शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू उज्जैन की टीम ने कार्रवाई की और पंचायत भवन में शेष रिश्वत राशि लेते हुए सरपंच दुर्गा कैथवास और सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू के डीएसपी रामनिवास यादव, निरीक्षक रीमा यादव, निरीक्षक अर्जुन मालवीय सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। मामले में ईओडब्ल्यू द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story