मंदसौर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मिनी ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, महिला-बच्ची की मौत, 17 घायल

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मिनी ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, महिला-बच्ची की मौत, 17 घायल


मंदसौर, 20 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में महू-नीमच राजमार्ग पर लखमाखेड़ी फंटे के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आए मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक महिला और छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रात करीब 2.30 बजे का बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 मजदूर और उनके बच्चे सवार थे। सभी रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र के रहने वाले हैं और रेलवे ठेकेदार के यहां मजदूरी करते हैं। मजदूरी के सिलसिले में मंदसौर आए थे और रात में मंदसौर से उज्जैन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लखमाखेड़ी फंटे के पास पीछे से आए मिनी ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे में 45 वर्षीय बसंती पत्नी घेरु, निवासी किलसिया, रावटी और 6 वर्षीय प्रियंका पुत्री नेमचंद, निवासी मोटूका की मौत हुई है। दोनों को मौके से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मिनी ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मारी थी।

घायलाें के नाम

कल्पना (18) पुत्री विनोद, निवासी रानीसिंह, रावटी

सविता (22) पत्नी राहुल, निवासी रावटी

राहुल (23) पुत्र संजय

नीरु (14) पुत्र तेरसिंह

सुरपाल (15) पुत्र तेरसिंह

सदेव (8) पुत्र अब्बुलाल

चंचल (18) पुत्र संजय

सोनु (28) पत्नी अब्बुलाल

कुशाल (4) पुत्र राहुल

लीला (23) पत्नी राहुल

आशा (5) पुत्री राहुल

गोपाल (18) पुत्र नानालाल

मनीष (19) पुत्र संजय

पूजा (10) पुत्री नेमचंद

करण (7) पुत्र नेमचंद

पप्पूडीबाई (30) पत्नी नेमचंद

शंकर (35) पुत्र गमिया, निवासी मोरटुका, ट्रैक्टर चालक

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story