मंदसौर की हॉकी खिलाड़ी नियति, सुहाना व खुशी का मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी में चयन

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर की हॉकी खिलाड़ी नियति, सुहाना व खुशी का मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी में चयन


मंदसौर, 04 सितंबर (हि.स.)। मंदसौर की हॉकी के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी, ग्वालियर में मंदसौर की तीन प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ियों नियति बाड़ोलिया, सुहाना बंधवार एवं खुशी टेंटवाल का चयन हुआ है।

यह अकादमी देश की प्रमुख महिला हॉकी अकादमियों में शामिल है। अकादमी में चयन के बाद अब तीनों खिलाड़ियों को ग्वालियर में रखकर उच्च स्तरीय हॉकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उनकी पढ़ाई, रहने, भोजन तथा खेल उपकरण सहित अन्य आवश्यक खर्च मध्य प्रदेश शासन द्वारा वहन किए जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को खेल के साथ अपनी शिक्षा जारी रखने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

यह जानकारी शुक्रवार को हॉकी मंदसौर संघ के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया एवं सचिव अविनाश उपाध्याय ने दी। उन्होंने बताया कि तीनों खिलाड़ी पिछले लगभग तीन वर्षों से नियमित रूप से प्रतिदिन 3 से 4 घंटे हॉकी का प्रशिक्षण ले रही थीं। उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि उन्होंने प्रदेश की प्रतिष्ठित हॉकी अकादमी में स्थान बनाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story