मंदसौर: सीवरेज खुदाई के बाद बदहाल सड़कों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, गड्ढे भरने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर: सीवरेज खुदाई के बाद बदहाल सड़कों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, गड्ढे भरने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग


अमृत-2.0 योजना के अधूरे काम को लेकर ज्ञापन सौंपा, तीन से पांच दिन में सड़क सुधार की मांग

मंदसौर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसाैर जिले में अमृत-2.0 सीवरेज योजना के तहत शहर में खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने और जगह-जगह बने गड्ढों के विरोध में बुधवार को शहर ब्लॉक कांग्रेस ने गांधीनगर क्षेत्र में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए शहर के कई क्षेत्रों में सड़कों की खुदाई की गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें तय मानकों के अनुसार दुरुस्त नहीं किया गया। इसके कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे, उबड़-खाबड़ सड़कें और निर्माण सामग्री का मलबा पड़ा हुआ है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई वार्डों में परेशानी का आरोप

कांग्रेस के ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक-39 के ऋषियानंद वार्ड अंतर्गत मेघदूत नगर, यश नगर, गांधीनगर तथा वार्ड क्रमांक-26 के पशुपतिनाथ वार्ड अंतर्गत चंद्रपुरा और सीतामऊ फाटक क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में सीवरेज कार्य के बाद सड़कें बदहाल स्थिति में हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बारिश के मौसम में इन गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ज्ञापन में गांधीनगर क्षेत्र में 28 जून को गड्ढों के कारण हुए हादसे का भी उल्लेख किया गया।

जांच और कार्रवाई की मांग

कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की सभी खोदी गई सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और तीन से पांच दिन के भीतर गड्ढों को भरकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराया जाए। साथ ही, पार्टी ने सीवरेज योजना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों, संबंधित एजेंसी और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story