सतना : मानस शुक्ला अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

WhatsApp Channel Join Now
सतना : मानस शुक्ला अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व


सतना, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के उभरते कराते खिलाड़ी मानस शुक्ला अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। मानस 17 से 19 अप्रैल तक साइलेंट नाइट इंटरनेशनल कराते कप 2026 में हिस्सा लेंगे, जिसका आयोजन कुआलालंपुर में किया जा रहा है।

मानस सतना जिला कराते एसोसिएशन तथा आरपीएस मार्शल आर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। लगभग 10 माह पूर्व उनकी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के आधार पर उनका चयन प्रदेश शासन की राज्य खेल कराते अकादमी में हुआ था। वर्तमान में उन्हें पलाश समाधिया प्रशिक्षण दे रहे हैं।

भारतीय टीम के कोच के रूप में दीपक सिंह भी टीम के साथ रहेंगे। इस प्रतियोगिता में मानस के साथ एकेडमी के अन्य खिलाड़ी कल्याणी कोड़ोपे, संदीप राठौर, अमय कटारे और यशस्विनी रावत भी अपने-अपने वजन वर्ग की फाइट स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जानकारी देते हुए अंबुज सिंह बघेल ने बताया कि मानस, सुधा मेघराज शुक्ला के पुत्र हैं और पिछले लगभग आठ वर्षों से नियमित कराते प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में मानस जूनियर एवं सीनियर काता इवेंट में भाग लेंगे।

भारतीय दल चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मलेशिया के लिए रवाना होगा। प्रतियोगिता में लगभग 80 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे, जबकि भारत से 70 खिलाड़ियों का दल हिस्सा ले रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story