मध्य प्रदेश के 90 हजार अतिथि शिक्षकों के लिए बड़ी राहत, अब साल में मिलेंगे 10 आकस्मिक अवकाश

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश के 90 हजार अतिथि शिक्षकों के लिए बड़ी राहत, अब साल में मिलेंगे 10 आकस्मिक अवकाश


स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा- इस संबंध में जल्द जारी होंगे आदेश

भोपाल, 25 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के लगभग 90 हजार अतिथि शिक्षकों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब इन शिक्षकों को पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान 10 दिनों का आकस्मिक अवकाश (सीएल) मिलेगा। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय आदेश शीघ्र जारी किए जाएंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई चर्चा के उपरांत यह निर्णय लिया गया है। अब तक अतिथि शिक्षकों को सत्र के दौरान एक भी दिवस का आकस्मिक अवकाश नहीं दिया जाता था। नई व्यवस्था के तहत अतिथि शिक्षकों को पदभार ग्रहण करते ही 1 दिन का आकस्मिक अवकाश (सीएल) लेने की पात्रता होगी। इसके बाद, हर 30 दिन की सेवा अवधि पूरी करने पर 1-1 अतिरिक्त सीएल जुड़ती जाएगी। हालांकि, व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शर्त रखी गई है कि एक बार में अधिकतम 3 सीएल ही ली जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने के लिए विभाग को निर्देशित किया गया है।

वहीं, इससे पूर्व शुक्रवार को लोक शिक्षण संचालनालय ने लगभग 5,000 ऐसे अतिथि शिक्षकों को बड़ी राहत दी थी, जिनकी पिछले सत्र में 90 प्रतिशत ई-अटेंडेंस न होने के कारण री-जॉइनिंग अटकी हुई थी। विभाग ने इस बाध्यता में ढील देते हुए उन्हें विद्यालयों में पुनः कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति दी है। हालांकि, री-जॉइनिंग के बाद सभी शिक्षकों के लिए नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करना अनिवार्य रहेगा।

राज्य शासन का यह निर्णय अतिथि शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है। विभागीय स्तर पर छुट्टियों का प्रावधान होने से हजारों अतिथि शिक्षकों को पारिवारिक या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में बड़ी राहत मिलेगी। स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के हितों का ध्यान रखने और सरकारी स्कूलों में अध्यापन का बेहतर माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story