अनूपपुर: पटाखा व्यापारियों व प्रशासन के बीच बड़ा विवाद, पटाखा दुकानों का स्थान बना कारण

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: पटाखा व्यापारियों व प्रशासन के बीच बड़ा विवाद, पटाखा दुकानों का स्थान बना कारण


अनूपपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में पटाखा दुकान लगाने के लिए तय जगह को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। व्यापारी शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान स्थायी जगह देने की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर इस वर्ष दुकानें नहीं लगाने की चेतावनी दी है।

ज्ञात हो कि प्रशासन ने शुक्रवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे बने अस्थायी कुंड के पास पटाखा दुकान लगाने के लिए स्थान तय किया था। व्यापारी इसे लेकर नाराजगी जताई।

व्यापारियों का कहना है कि यहां सुरक्षा और कारोबार के लिहाज से जगह ठीक नहीं है। यहां दुकान लगाने से उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। इससे पूर्व नगर पालिका बकरा बाजार क्षेत्र में दुकान लगाने के लिए जगह दी जाती थी। इस बार वहां रेलवे ब्रिज का काम चल रहा है। इसी वजह से प्रशासन ने पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास की जगह तय की है।

व्यापारियों ने जनसुनवाई में ऐसी जगह देने की मांग की थी, जहां आम लोग आसानी से पहुंच सकें और उनका कारोबार भी प्रभावित न हो। उनका कहना है कि हर साल दुकान लगाने की जगह बदलने से परेशानी होती है।

व्यापारियों ने सर्वसम्मति से इस साल दुकानें नहीं लगाने का फैसला किया है। वे सभी के हस्ताक्षर वाला आवेदन जिला प्रशासन को दे रहे हैं। पटाखा व्यापारी संघ ने भी समिति के आधार पर दुकानदारों के बीच दुकानें नहीं खोलने पर सहमति बनने की बात कही है।

अपर कलेक्टर बलवीर रमण ने कहा कि सुरक्षा कारणों से पटाखा दुकानें रहवासी इलाके में नहीं खोली जा सकतीं। पहले मवेशी बाजार में जगह दी जाती थी, लेकिन वहां रेलवे ब्रिज का काम चल रहा है। पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास जगह तय करने पर दुकानदारों ने पहले आपत्ति नहीं जताई थी, लेकिन अब वे आनाकानी कर रहे हैं।

एसडीएम प्राशी अग्रवाल ने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालय मुख्य बाजार और आबादी वाले क्षेत्र में आता है। सुरक्षा कारणों से वहां पटाखा दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। पॉलिटेक्निक ग्राउंड के लिए पहले कोई आपत्ति नहीं थी। शुक्रवार को भी कुछ दुकानदार वहां टेंट लगा रहे थे। प्रशासन ने आबादी वाले क्षेत्र से 200 मीटर दूर टेंट लगाने के निर्देश दिए थे। नजदीक लगाए गए टेंट हटवाए गए, जिसके बाद कुछ व्यापारियों ने दुकान लगाने से मना कर दिया और फिर से उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान की मांग करने लगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773656 Articles

Share this story